हिमालय संवाद डेस्क । नारायणबगड़ क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर राहत, पुनर्स्थापन एवं सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नारायणबगड़ मुख्य बाजार का भ्रमण कर मलबा हटाने, जल निकासी व्यवस्था तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं सफाई कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को शेष स्थानों पर सफाई अभियान में तेजी लाने और भविष्य में ऐसी आपदाओं से बचाव के लिए स्थायी एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) नारायणबगड़, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर, छात्रावास, प्राथमिक विद्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक परिसरों में सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने कौलुसैंण नाले का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाले के जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य बाजार क्षेत्र में जिलाधिकारी ने प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है और किसी भी प्रभावित व्यक्ति को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती, बीईओ अनिनाथ, ग्राम प्रधान केवर देवेंद्र कोहली, चिन्हित राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख दलवीर सिंह रावत, भरत सिंह नेगी, विनोद मलेठा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – सुरेन्द्र धनेत्रा




