त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में नौ विकास खंडों में दर्ज हुई कुल 213 आपत्तियां

SHARE:

त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में नौ विकास खंडों में दर्ज हुई कुल 213 आपत्तियां

हिमालय संवाद / नारायणबगड़,(चमोली) डेस्क । त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के आरक्षण सूची के प्रथम प्रकाशन के जारी होने के बाद आपत्तियों के क्रम में अंतिम दिन विकास खंड नारायणबगड़ में पंचायतों की चारों सीटों के आरक्षण पर कुल बीस आपत्तियां दाखिल की गई हैं। जबकि जिले की सभी नौ विकास खंडों में दर्ज आपत्तियों की संख्या 213 हो गई हैं।

रविवार को प्रखंड नारायणबगड़ के अंतर्गत जारी आरक्षण के प्रथम प्रकाशन पर आपत्ति जताने के अंतिम दिन ग्राम प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा जिला पंचायत सदस्यों के पदों सहित ब्लाक प्रमुख सीट के लिए जारी आरक्षण को लेकर क्रमशः 13,03,03 एवं 01 समेत कुल 20 आपत्तियां दर्ज की गई।

आपत्तियों के क्रम में ग्राम पंचायत चिडिंगातल्ला,चोपता,आंगतोली,लोदला,बेडगांव,माल,बेडुला, सणकोट,कौब,डुंग्री में तीन एवं खैनोली में प्रधान पद के आरक्षण को लेकर आपत्ति दर्ज की गई। जबकि रैंस,माल एवं खैनोली में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के आरक्षण को लेकर आपत्तियां प्रस्तुत की गईं।

इसी तरह प्रखंड के अंतर्गत जिला पंचायत की कोठली,छेकुडा एवं विनायक वार्ड की तीनों सीटों के आरक्षण पर भी आपत्तियां दाखिल की गई हैं।जबकि ब्लाक प्रमुख के पद के लिए अनारक्षित रखे जाने पर आपत्ति जताते हुए आरक्षित महिला के लिए की मांग की गई है।

सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरविंद डिमरी एवं सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण रोशनी रावत ने बताया कि रविवार को आरक्षण पर आपत्तियां दाखिल करने के अंतिम दिन चारों सीटों पर सुसंगत आरक्षण सूची जारी करने की कुल बीस आपत्तियां दर्ज किए गए हैं।

दूसरी ओर बताते चलें कि इस तरह जनपद के नौ विकास खंडों में ग्राम प्रधान सीटों पर 102,क्षेत्र पंचायत सीटों पर 69,जिला पंचायत में 29 और ब्लाक प्रमुख सीट पर 13 आपत्ति समेत कुल 213 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। जिनका निस्तारण जिलाधिकारी के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और जिला पंचायतीराज अधिकारी की समिति द्वारा 17 जून तक किए जाने हैं तथा निस्तारित आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को किया जाएगा।

रिपोर्ट – सुरेन्द्र धनेत्रा

Leave a Comment