सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्रिडकुल का ईकाई प्रभारी नदारद, डीएम ने किया कारण बताओ नोटिस जारी।

SHARE:

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्रिडकुल का ईकाई प्रभारी नदारद, डीएम ने किया कारण बताओ नोटिस जारी।

हिमालय संवाद / नारायणबगड़,(चमोली) डेस्क । सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चमोली की जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला सभागार गोपेश्वर में जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं के समाधान हेतु विस्तार से चर्चा की गयी। वहीं सड़क निर्माण से संबंधित ब्रिडकुल के ईकाई प्रभारी का महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित नहीं होने के चलते जिलाधिकारी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

जिलाधिकारी ने बताया 01 मार्च 2025 से 31 मई 2025 के बीच कुल 08 दुर्घटना के मामलों का विवरण पेश किया गया जिनमें से एक मामले में एफआईआर दर्ज हुयी थी,जिसमें पुलिस द्वारा आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया हैं और अन्य दुर्घटनाओं में जहां ड्राइवर की गलती परिलक्षित होती है उनमें एसडीएम,पुलिस और आरटीओ को संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि उन वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं जो अनफिट वाहनों में लोगों की जान जोखिम में डालकर यातायात करते हैं और स्पीड लिमिट का पालन भी नहीं करते हैं अथवा नशे की हालत में गाड़ी चलाते हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की सक्रियता के साथ रोकथाम,ब्लैक स्पॉट्स की पहचान,सड़क चिन्हों व चेतावनी बोर्डों की स्पष्टता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों की मैपिंग कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य आरंभ किए जाएं। इस दौरान इकाई प्रभारी (ब्रिडकुल )के मीटिंग में अनुपस्थित होने पर भारी नाराजगी जताते हुए उन्हें बैठक से नदारद रहने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। गौरतलब है कि सड़कों के निमार्ण कार्य से संबंधित ब्रिडकुल की लगातार सड़क निर्माण कार्यों में शिकायतों का दौर जारी है। बहुत सारे लोगों ने आशंका जताई कि शायद इसी तमाम अनियमितताओं के कारण ब्रिडकुल का ईकाई प्रभारी उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद भी महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित नहीं हुए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट,मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता,लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रशांत रावत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट — सुरेन्द्र धनेत्रा

Leave a Comment